प्राचार्य की लापरवाही से छात्राओं को झटका
शासकीय कन्या शाला, आष्टा की 12वीं की छात्राओं को प्रैक्टिकल में 0 अंक, पोर्टल पर नहीं की गई अंक प्रविष्टि
आष्टा, संवाददाता।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आष्टा की कक्षा 12वीं की छात्राओं को उस समय गहरा धक्का लगा जब उनके बोर्ड परीक्षा परिणाम में प्रैक्टिकल विषयों में शून्य (0) अंक दर्ज पाए गए। जांच में स्पष्ट हुआ है कि शाला प्रशासन द्वारा प्रैक्टिकल अंकों की प्रविष्टि बोर्ड के पोर्टल पर समय रहते नहीं की गई, जिसके चलते छात्राओं को ‘0’ अंक दिए गए।
मेहनत पर फिरा पानी
छात्राओं ने बताया कि उन्होंने सभी प्रैक्टिकल गतिविधियों में हिस्सा लिया और पूरी मेहनत से परीक्षाएं दीं। इसके बावजूद बोर्ड रिकॉर्ड में ‘0’ अंक देख वे स्तब्ध रह गईं। यह तकनीकी लापरवाही उनके भविष्य को अंधकार में धकेल सकती है।
अभिभावकों में गहरा आक्रोश
अभिभावकों ने शाला प्रबंधन और विशेष रूप से प्राचार्य के खिलाफ कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि यह केवल प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि छात्राओं के जीवन के साथ खिलवाड़ है।